शाहजहांपुर के अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र में बृहस्पतिवार की रात बिजली नहीं आने पर उपभोक्ता परेशान हो गए। सुबह उपकेंद्र पर पहुंचे उपभोक्ता जेई के ठीक से जवाब नहीं देने भड़क गए। उन्होंने राजघाट चौकी से बरेली मोड़ जाने वाले रास्ते पर जाम लगा दिया। पुलिस ने आकर किसी तरह मामले को शांत किया। अब्दुल्लागंज उपकेंद्र में बुधवार की पूरी रात बिजली की आपूर्ति ठप रही। अंधेरे में करवटें बदलने के बाद सुबह आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा अपने पदाधिकारियों व आमजन के साथ उपकेंद्र पहुंच गए। आरोप है कि जेई के नहीं मिलने पर कॉल पर बिजली न आने के बारे में पूछा तो उन्होंने सही जवाब नहीं दिया। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। सुबह करीब साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक जाम लगा रहा। सूचना पर चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने जेई से वार्ता की। 24 घंटे के अंदर सुधार का आश्वासन देने पर आपूर्ति बहाल हो सकी। पंकज वर्मा ने बताया कि एक सप्ताह से बिजली की आपूर्ति काफी कम हो रही है। इस भीषण गर्मी में लोग परेशान हो रहे हैं। 24 घंटे में पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है।