शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार शाम आई आंधी से जिले में पांच लोगों की मौत हो गई। पुवायां के गांव सतवां में आंधी और बारिश के दौरान बंद पड़ी गोशाला की दीवार ढहने से गंभीर रूप से घायल 34 वर्षीय इंद्रेश कुमार और महेंद्र के 12 वर्षीय पुत्र मनीष की उपचार के दौरान मौत हो गई। नरेश के पुत्र दस वर्षीय सूरज की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं निगोही के गांव करौंदा निवासी नरेश यादव (40) के ऊपर आंधी के दौरान पेड़ गिर गया। उनकी मौके पर मौत हो गई। निगोही के गांव कुदिरना में आई तेज आंधी और बारिश में खाना बना रहीं 62 वर्षीय रामरती देवी दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं आंधी से पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों पर गिरे, जिससे कई इलाकों में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई।