शाहजहांपुर में जलालाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज में रामगंगा पुल की एक लेन मरम्मत के लिए बंद कर दिया। इससे शनिवार सुबह से पुल पर जाम लगना शुरू हो गया। पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी तो जाम की समस्या विकराल हो गई। करीब छह घंटे तक जाम लगे रहने के कारण रामगंगा पुल से लेकर क्षेत्र के हुल्लापुर चौराहा तक वाहनों की करीब दो किमी लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में रोडवेज बसों में बैठे यात्री बेहाल हो गए।