शाहजहांपुर में जनपद स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली का शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय शहबाजनगर ददरौल में किया गया। इस दौरान बच्चों ने रैली निकालकर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव व विशिष्ट अतिथि डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर व गुब्बारे उड़ाकर किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम कर धूम मचाई। राज्य स्तर पर पीटी प्रतियोगिता में विजयी बच्चों ने अतिथियों के सामने प्रदर्शन किया। डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। इसका उदाहरण जल्द घोषित यूपीपीसीएस परिणाम हैं। जहां शीर्ष 10 में से छह स्थान लड़कियों ने प्राप्त किए। डीएम ने बताया कि आगामी श्रीमद् गीता भागवत के श्लोक प्रतियोगिता का आयोजन विकास खंड स्तर पर सात मई और जिला स्तर पर 14 मई को होगा। इसमें कक्षा एक से पांच तक के बच्चे भाग लेंगे और विजेताओं को 25,000, 20,000 एवं 15,000 रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष निपुण विद्यालय आकलन में जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा। इंस्पायर अवार्ड योजना में आवेदन करने वालों में जनपद पूरे भारत में सुपर-50 में रहा है। डीएम ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। बीईओ सुरेंद्र मौर्या, प्रधान महेश चंद्र गौतम, डीसी सतीश कनौजिया, सोहन शुक्ला, डॉ.अरुण कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। आभार रविंद्र पाल प्रजापति ने जताया।