शाहजहांपुर के रोजा जंक्शन स्टेशन पर आने वाली यात्री ट्रेनों को अब आउटर पर इंतजार नहीं करना होगा। इसके लिए यार्ड रिमॉडलिंग का काम रविवार को शुरू हो गया है। इससे सभी प्लेटफार्मों की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही मालगाड़ियों के यार्ड में जाने के लिए अलग लाइन भी बिछाई जा रही है। रविवार को रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते दो नंबर प्लेटफार्म पर बने हुए पुराने उड़नदस्ता कार्यालय को जेसीबी की मदद से हटा दिया गया। वहीं लाइन नंबर एक और लाइन नंबर दो पर बने डीजल पंप बंद कर दिए गए। एक नंबर प्लेटफॉर्म पर अब कोई भी मालगाड़ी डीजल नहीं भर पाएगी। दूसरी ओर डाउन साइड में कोचिंग डिपो कार्यालय का भवन धराशायी हो गया। अभी तक सीतापुर की ओर से आने वाली ट्रेन आउटर में काफी देर तक खड़ी रहती थी। जिसके चलते क्रॉसओवर डालने का काम भी किया जा रहा है। जोकि निगोना गांव के पास पड़ेगा। क्रॉसओवर डालने के लिए रोजा जंक्शन यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होना है। जिसके चलते तमाम ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी। जबकि कुछ गाड़ियों के रूट बदले जाएंगे।