शाहजहांपुर में कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बुधवार देर रात बड़ी राहत मिली। शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके साथ ही तेज बिजली कड़कने लगी, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद बंध गई। रात करीब दस बजे शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। हालांकि, तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण शहर कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद भी लिया। बृहस्पतिवार को भी बादल छाए रहे, धूप नहीं निकलने से लोगों को राहत मिली है।