शाहजहांपुर जिले में 77वें गणतंत्र दिवस को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। शहर देशभक्ति के रंग में रंगा है। बाजार तिरंगे की थीम वाले सामान से सज चुके हैं। रविवार को लोग तिरंगे, झंडे, गुब्बारे, बैज, रिबन, पतंग और अन्य सजावटी सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। दूसरी ओर शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की गई। अमर शहीद अशफाक उल्ला खां की मजार पर पूरे दिन तैयारियां चलती रही। मजार को तिरंगे से सजाया गया। इसी तरह शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की पार्क में भी सफाई को दुरुस्त करा दिया है। सोमवार को गणतंत्र दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।