शाहजहांपुर में होली और रमजान के मद्देनजर पुलिस तैयारियों में जुटी है। पुलिस ने बलवाइयों और अराजकतत्वों से निपटने के लिए बुधवार को दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया। पुलिस लाइन के मैदान में एसपी राजेश एस. की उपस्थिति में रिहर्सल हुआ। पुलिसकर्मियों को अराजकतत्वों से निपटने के लिए उपकरणों को चलाने के बारे में जानकारी दी गई। उपद्रवियों से निपटने के लिए आंसू गैस, स्टन ग्रेनेड, रबड़ बुलेट, मिर्ची बम, एंटीरायट गन आदि चलवाकर अभ्यास करवाया गया।
दंगा नियंत्रण उपकरणों के बारे में जानकारी देते हुए रिहर्सल कराया गया। शस्त्र प्रयोग के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। एसपी ने दंगा नियंत्रण के लिए अमल में लाए जाने वाले सभी अभ्यास क्रमवार कराए। एसपी ने ब्रीफ करते हुए बताया कि ड्यूटी के दौरान सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से तत्पर रहें। दंगा नियंत्रण के सभी उपकरण सक्रिय दशा में अपने साथ रखें। बता दें कि इस बार जुमे की नमाज और होली एक ही दिन है। इसके चलते पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुटी है।