शाहजहांपुर के मोहल्ला खलीलगर्बी में हजरत मौलाना मुफ्ती रियासत अली खां नक्शबंदी रहमतुल्लाह अलैह का 98 वां सालाना उर्स अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस दौरान जायरीन ने मजार पर गुलपोशी व चादरपोशी कर दुआएं मांगी। बुधवार को मस्जिद परिसर में कुल शरीफ की शुरुआत पवित्र कुरआन की तिलावत से हुई। आस्ताना मुफ्ती इरशाद हुसैन मुजद्दिदी रामपुर के गद्दीनशीन असद हुसैन मुजद्दिदी ने साहिब ए उर्स हजरत मौलाना रियासत अली खां के आदर्श जीवन और दीनी व इल्मी सेवाओं पर प्रकाश डाला। मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद दानिश रजा ने कहा कि अल्लाह के वलियों के प्रति अकीदत और मोहब्बत रखना खुशनसीबी की बात है। मोहम्मद सोहेल रजा और मुईन उद्दीन रजा ने नात व मनकबत पेश की। कुल शरीफ की रस्म अदा करने के बाद असद हुसैन ने मुल्क में अमन और खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद लोगों के बीच लंगर बांटा गया। इस मौके पर हाफिज आरिश खां, हाफिज अब्दुल सुब्हान, तौसीफ अहमद खां, काशिफ हुसैन, सईद उज्जफर खां, पार्षद अब्दुल सत्तार लाले, असगर यासिर, राशिद हुसैन राही आदि मौजूद रहे।