शाहजहांपुर के निगोही में पिता-पुत्री की हत्या के आरोपियों को जेल भेजने की मांग कर रहे परिजनों ने बुधवार सुबह अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इससे फिर हंगामे की स्थिति बन गई। निगोही थाना क्षेत्र के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी श्रीपाल और उसके छोटे भाई सोहनलाल उर्फ गुड्डू राठौर के बीच अपने-अपने कोल्हू में ग्राहक को ले जाने को लेकर सोमवार को झगड़ा हो गया था। मंगलवार सुबह सात बजे गुड्डू और उसके परिवार वाले श्रीपाल के घर में घुस आए और गोली मारकर श्रीपाल और उनकी बेटी सरस्वती की हत्या कर दी थी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चार घंटे तक हाईवे पर जाम लगाए रखा था। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया था। बुधवार सुबह परिजनों ने आरोपियों को जेल भेजे जाने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। इस दौरान निगोही, पुवायां, खुदागंज, तिलहर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए मान गए।