शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा नगर पंचायत के सभासदों ने ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने मंगलवार को ईओ के कार्यालय में न बैठने का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। सभासदों ने बताया कि तिलहर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी कल्पना शर्मा के पास कटरा नगर पंचायत का भी चार्ज है। वह तिलहर में ही रहती हैं। कटरा क्षेत्र की जनता जब कार्यालय जाती है तो वह नहीं मिलतीं। सभासद भी उनसे नहीं मिल पाते हैं। इससे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। नगर पंचायत के बाबू तिलहर स्थित ईओ के आवास पर जाकर कार्य करा लाते हैं। अधिशासी अधिकारी तिलहर से ही कटरा नगर पंचायत के कार्य कर रहीं हैं। इससे नगर पंचायत की तमाम जनसमस्याएं लंबित चल रहीं हैं। विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित हैं। ईओ की कार्यशैली जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। सभासदों ने मांग की है कि ईओ के पास से कटरा नगर पंचायत का चार्ज हटाकर किसी और को दिया जाए। इस दौरान सभासद सरवेद, बानो बेगम, संजीव सैनी, जावेद, मेहर बानो, अनुज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।