शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने शिक्षकों को पात्रता परीक्षा के संबंध में दिए गए निर्णय पर अध्यादेश लाकर संशोधित करने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। इस बीच प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मगरे लाल के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने सेवारत शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने के आदेश दिए हैं। देश व प्रदेश के बेसिक शिक्षक नौकरी जाने के डर से भय और अवसाद में हैं। इससे देश के करीब 40 लाख शिक्षक और उनके परिवार प्रभावित होंगे। सेवा के अंतिम पड़ाव पर आयु अधिक होने के कारण किसी भी परीक्षा से गुजरना शिक्षकों के लिए कठिन है। ज्ञापन में 23 अगस्त 2010 व शिक्षा अधिकार अधिनियम 2011 के लागू होने से पूर्व निर्धारित अर्हता को पूर्ण करते हुए नियुक्त शिक्षकों को अध्यादेश लाकर कानून में संशोधन कर शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त किया जाए। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री विश्राम सिंह, सुभाष मिश्रा आदि मौजूद रहे।