शाहजहांपुर में रोडवेज की महिला परिचालक नीतू ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। उनकी बस में किसी महिला का पर्स छूट गया। पर्स में चार लाख रुपये के गहने थे। आधार कार्ड भी था। इस आधार कार्ड के पते पर नीतू ने पत्राचार कर महिला से संपर्क किया और उसे बुलाकर उसके गहने सौंप दिए। डिपो प्रभारी सुशील त्रिवेदी ने बताया कि आरती नाम की महिला का पर्स बस में छूट गया था। उसको रजिस्ट्री मिलने के बाद उसने नीतू से कॉल पर बात की। गुम जेवर मिलने पर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रविवार को आरती को रोडवेज बस अड्डे पर बुलाया गया। आरती, उनके पति अभिताश, सास व भाई आईं। अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में उन्हें जेवर वाला बैग वापस कर दिया गया।