शाहजहांपुर में कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि संसद में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संविधान निर्माता पर टिप्पणी करने के विरोध में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। गृहमंत्री ने टिप्पणी कर दलित समाज का अपमान किया है। सोमवार को राजीव भवन टाउन हॉल में पत्रकार वार्ता में गुप्ता ने कहा कि भाजपा हमेशा से लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों के प्रति तिरस्कार दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती है। इस बार हद पार कर दी। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस समेत गठबंधन के दलों ने संसद में सरकार से संविधान पर चर्चा की मांग रखी। सदन में बहस की मांग लगातार ठुकराए जाने के बाद प्रतिपक्ष की संविधान बचाए रखने के लिए संकल्पबद्ध हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि अपमान को लेकर अमित शाह के इस्तीफे की मांग अटल है। इस्तीफा नहीं देने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, गौरव त्रिपाठी, फुरकान कुरैशी, नवाब फैजान अली खां आदि मौजूद रहे।