शाहजहांपुर में गर्रा और खन्नौत नदी उफान पर बह रही हैं। दोनों नदियों की बाढ़ से शहर में हालात बिगड़ने लगे हैं। बाढ़ का पानी आबादी में घुस गया है। सुभाषनगर, लोधीपुर और अब्दुलागंज में बृहस्पतिवार को ही पानी पहुंच गया। बाढ़ के चलते लोगों ने अपना सामान छतों पर रख दिया है। कुछ लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। शुक्रवार को बाढ़ का पानी राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी पहुंचने लगा। ग्राउंड फ्लोर पर बने वार्डों में भर्ती मरीजों को ऊपर की मंजिलों पर शिफ्ट किया गया है। जिन मरीजों की हालत में सुधार है, उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।