शाहजहांपुर में ज्येष्ठ मास के पहले मंगलवार को हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु उमड़ पड़े। प्रसाद चढ़ाकर जय हनुमान का उद्घोष किया। जगह-जगह भंडारे में पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा राहगीरों को शरबत बांटा गया। मंदिरों के साथ घरों में भक्तों ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। बड़ी विसरात स्थित हनुमत धाम पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने हनुमान जी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। जगह-जगह व्यापारियों ने भी भंडारे का आयोजन किया। खिरनीबाग स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पर भी शरबत वितरण कराया गया। सदर बाजार, बहादुरगंज, चौक, लाल इमली चौराहे, कच्चा कटरा, जलालनगर आदि क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन किया। जलालाबाद में रामताल रोड समेत तमाम स्थानों पर भंडारे हुए। तिलहर के कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां मेले जैसा माहौल रहा। तमाम लोगों ने पूड़ी-सब्जी का हनुमान जी को भोग अर्पण कर भंडारे किए।