शाहजहांपुर में सोमवार सुबह आठ बजे हल्की धूप निकली लेकिन नौ बजे के बाद फिर से कोहरा छा गया। इससे कामकाज पर निकले लोगों को कोहरे के बीच से गुजरना पड़ा। न्यूनतम तापमान 08.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार हवा के बदलने से संकेत बन रहे हैं कि अगले दो दिनों में शीतलहर शुरू होने की संभावना है। पछुआ हवा के असर से ठिठुरन भी बढ़ जाएगी। तापमान में गिरावट होगी। मौसम में बदलाव होने की संभावनाएं बढ़ गईं हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से तापमान में गिरावट की संभावना बन रही है। गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।