अयोध्या में श्रीराम मंदिर में चढ़ावा घोटाले के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर शाहजहांपुर में कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत को दिया। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने बताया कि श्रीराम मंदिर में हुए दान घोटाले की खबर ने रामभक्तों व आमजन की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। सरकार की ओर से एसआईटी गठित किए जाने के बावजूद अभी तक रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से जांच की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राम मंदिर में दान और चढ़ावे के नाम पर हो रहे घोटाले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। ज्ञापन में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में तनवीर सफदर, फुरकान अहमद कुरैशी, कृष्ण विनोद मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, रामजी अवस्थी, अरुणोद मिश्रा, पूनम पांडेय, बिंदेश्वरी राज, साफिया बेगम, गायत्री प्रकाश अवस्थी आदि मौजूद रहे।