फ्रेंडशिप डे रविवार को मनाया जाएगा। इसे लेकर शाहजहांपुर शहर के बाजार सज गए हैं। गिफ्ट गैलरी और स्टेशनरी की दुकानों पर रंग-बिरंगे फ्रेंडशिप बैंड, कॉफी मग, की-रिंग और छोटे टेडी की खरीदारी शुरू हो गई है। सबसे अधिक उत्साह स्कूली बच्चों और छात्र-छात्राओं में देखने को मिल रहा है। शहर के सदर बाजार, बहादुरगंज, चौक समेत कई स्थानों पर दुकानों पर फ्रेंडशिप बैंड की धूम है। साधारण फ्रेंडशिप बैंड पांच रुपये से लेकर 80 रुपये तक उपलब्ध हैं। अलग-अलग डिजाइन के साथ रेडियम बैंड युवाओं और बच्चों को खूब पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा फ्रेंडशिप कोटेशन 150 से 250 रुपये, फ्रेंडशिप थीम वाले कॉफी मग 150 रुपये, की-रिंग 50 से 100 रुपये व छोटे टेडी 50 से 120 रुपये तक बिक रहे हैं। बच्चों के लिए विशेष रूप से फ्रेंड लिखे हुए और कार्टून कैरेक्टर वाले किड्स बैंड बाजार में आकर्षण का केंद्र बने हैं। व्यापारी शोभित गुप्ता ने बताया कि इस बार सबसे ज्यादा बिक्री बच्चों के लिए तैयार किए गए फ्रेंडशिप बैंड की हो रही है। स्कूलों में फ्रेंडशिप डे मनाने की परंपरा के कारण बच्चों और छात्र-छात्राओं में इन्हें खरीदने का खास उत्साह है।