फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलटी निजी बस, 15 से अधिक यात्री घायल

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर Updated Tue, 10 Mar 2026 07:25 PM IST

शाहजहांपुर के अल्हागंज इलाके में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर फतेहपुर गांव के मोड़ के पास सोमवार देर रात नेपाल से यात्रियों को लेकर मुंबई जा रही ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस पर सवार 15 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में एक बालिका को सीएचसी से गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

न्यू खैरा ट्रांसपोर्ट कंपनी की स्लीपर बस पलिया से यात्रियों को लेकर मुंबई जा रही थी। बस में चालक-परिचालक के अतिरिक्त 72 यात्री सवार थे। देर रात करीब 1.30 बजे बस हाईवे पर फतेहपुर गांव के मोड़ के पास नवनिर्मित फ्यूल स्टेशन के पास पहुंची कि तभी अचानक सामने गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने तेज रफ्तार बस में ब्रेक लगाए, तो वह लहराते हुए अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में बचाव के लिए चीख-पुकार होने लगी। उस दौरान हाईवे पर आवागमन कम हो रहा था। इस दौरान उधर से निकले वाहन चालकों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।

ये लोग हुए घायल 
हादसे में बस पर सवार अर्जुन वन, राजेंद्र चौधरी, नवीन थारू, सर्जन नेपाली, राजकुमार चौधरी, पुलराम चौधरी, रंजीत चौधरी, धामी, हरीश चुनारा, संतोष, दिनेश चौधरी, प्रेजना चौधरी, मानवी चौधरी, सपना लोहार, नरेंद्र चुनारा, कुसमी चौधरी समेत कई यात्री घायल हो गए। सभी घायल नेपाल के कैलाली और कंचनपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। 

वहां अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बालिका मानवी चौधरी को सिर में गंभीर चोट आने और हाथ में फ्रैक्चर हो जाने के कारण बेहतर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बस सड़क के किनारे पलटने की वजह से हाईवे पर यातायात में कोई बाधा नहीं पड़ी। यात्रियों को दूसरे वाहनों से रवाना कर दिया गया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें