शाहजहांपुर जिले में लावारिस पशुओं का आतंक थम नहीं रहा है। जलालाबाद में मंगलवार को सड़क पर आक्रामक हुए दो सांड़ लड़ते हुए थाना परिसर में घुस गए और साइबर हेल्पडेस्क के ऑफिस का गेट तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। इससे पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई।
गनीमत रही कि उस दौरान साइबर हेल्पडेस्क कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सांड़ों को थाने से बाहर खदेड़ा, लेकिन बाहर निकलते ही दोनों फिर भिड़ गए और उनके टकराव में वहां खड़ी इंस्पेक्टर अपराध रविकुमार की कार क्षतिग्रस्त हो गई।
रविवार को हुई सांड़ों की लड़ाई का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है। हेल्प डेस्क प्रभारी एवं अपराध निरीक्षक के अनुसार तहसील और थाने के आसपास मौजूद पशुओं को पकड़ने के लिए ईओ को पत्र भेजा जाएगा। उधर, स्थानीय लोग भी छुट्टा पशुओं की समस्या से परेशान हैं।