चंदौसी के आवास विकास चौराहे पर सोमवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंच गए और हिंदू नाम से संचालित चाय और जूस की दो दुकानों का विरोध करने लगे। संगठन के सदस्यों ने दुकानदारों पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर हिंदू नाम से व्यापार करने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस की छानबीन में अलग-अलग समुदाय के दोनों दुकानदार पार्टनर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को वास्तविक पहचान उजागर कर दुकान चलाने की नसीहत दी है। हिंदू संगठनों के सदस्यों का कहना था कि दोनों दुकानदार दूसरे संप्रदाय से संबंधित हैं, लेकिन ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उन्होंने अपनी दुकानों के नाम हिंदू नामों से रखे हुए हैं। उनका आरोप था कि यह लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वे जिस संप्रदाय से संबंधित हैं, उसी के अनुरूप दुकान पर अपना वास्तविक नाम लिखें और अपनी पहचान स्पष्ट करें। हंगामे के दौरान चौराहे पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। पुलिस ने दोनों दुकानदारों को मौके से अपने साथ कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अलग-अलग समुदाय के दोनों दुकानदार आदित्य कुमार और नूरहसन पार्टनर हैं। उनसे बोर्ड पर नाम लिख कर दुकान करने की बात नसीहत दी गई है।