इन दिनों में सोने चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं। वहीं बुधवार की दोपहर जीएसटी मुरादाबाद की टीम ने घास मंडी में एक सर्राफ की दुकान पर छापा मारा तो सर्राफा व्यापारियों ने विरोध स्वरुप अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा कर नारेबाजी की। व्यापारी एकता के नारे लगाते हुए कहा कि किसी भी हालत में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीएसटी मुरादाबाद की टीम पुलिस के साथ बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे नगर की घास मंडी स्थित बाजार में पहुंची और यहां एक सर्राफ की दुकान पर छापा मारा। ये देख आसपास सर्राफा दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और मौके पर पहुंच गए। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पहुंच गए और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए विरोध किया। व्यापारियों ने टीम से मिलने के लिए दुकान में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन गेट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने किसी को भी दुकान के अंदर नहीं जाने दिया। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रेमग्रोवर ने बताया कि सोने चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं और बाजार में ग्राहक नहीं हैं। ऐसे में व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इस संदर्भ में जल्द ही उच्चाधिकारियों के समक्ष मामला रखा जाएगा। प्रमोद कुमार सर्राफ ने बताया कि व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध में सर्राफा बाजार बंद किया गया है। उधर जीएसटी मुरादाबाद की टीम देर शाम तक दुकान के अंदर जांच करती रही और अभिलेख चेक किए।