सहारनपुर के बेहट अब्दुल्लापुर गांव को शाकंभरी देवी रोड से जोड़ने वाले तीन किमी लंबे संपर्क सड़क मार्ग पर वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर अस्थाई पुलिया बनाने का कार्य शुरु हो गया है। तीन दिन पूर्व बरसात के तेज बहाव पानी के दवाब से पुलिया टूट गई थी और मलबा बहकर चला गया था। कटाव होने से काफी दूर तक सड़क भी टूट गई है और काफी हिस्सा धंस गया है, जिससे लोनिवि ने इस संपर्क सड़क मार्ग को चेतावनी बोर्ड व अवरोधक लगाकर बंद कर दिया था। गांव का तहसील व जनपद मुख्यालय से संपर्क कटने की सूचना पर बृहस्पतिवार की शाम पूर्व विधायक नरेश सैनी लोनिवि के अधिकारियों व एसडीएम बेहट के साथ मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे थे और वैकल्पिक तौर अस्थाई पुलिया बनाने की बात कहीं थी, लेकिन ग्रामीणों अस्थाई पुलिया बनाए जाने का विरोध किया था। उनका कहना था कि अस्थाई समाधान के लिए यहां छोटा पुल बनाया जाए। पूर्व विधायक के समझाने पर ग्रामीण अस्थाई पुलिया बनवाने के लिए राजी हो गए थे। शुक्रवार को लोनिवि के अधिकारियों ने अस्थाई पुलिया बनाने का कार्य शुरु करा दिया है। सीमेंट के खाली कट्टों में रेत व मिट्टी भरकर और ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई पुलिया बनाई जा रही है। --------------