सहारनपुर जनपद के गांव रनियाला दयालपुर के मजरे ब्राह्मण माजरा में जलभराव की समस्या से परेशान महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि गांव में वर्षों से पानी की निकासी ना होने से गलियों में जलभराव हो रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नही हो रही है। एसडीएम कार्यालय पहुंची महिला सविता, अंगूरी, पिंकी, गीता, कुसुम, संयोगिता, रूमा, जग्गो व रमेशो आदि ने बताया कि उनके गांव ब्राह्मण माजरा में पिछले पचास साल से पानी की निकासी की कोई व्यवस्था ना होने से गलियों में पानी भरा रहता है। बरसात के मौसम में तो यह पानी घरों में घुस जाता है। जलभराव से संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। आलम यह है कि उन्हें घर के रोजमर्रा के कामों के बाद निकलने वाले पानी को भी दूर फेंक कर आना पड़ता है। बताया कि उनके द्वारा की गई शिकायत का संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक वर्ष पूर्व हल्का लेखपाल आशीष कुमार ने मौके पर निरीक्षण कर नाला निर्माण की रिपोर्ट लगायी थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नही हुई है। महिलाओं का आरोप था कि इस संबंध में ग्राम प्रधान द्वारा भी समस्या के समाधान के लिए कोई प्रयास नही किया गया है। उन्होंने एसडीएम सुरेन्द्र कुमार से पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की है। एसडीएम ने समाधान का आश्वासन दिया है।