सहारनपुर बड़गांव में गांव शिमलाना के प्राचीन शिवमंदिर में महंत दर्शननाथ की समाधि तोड़े जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाकर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि गलतफहमी में महंत व ग्रामीणों के कुछ बीच विवाद पनप गया था। गांव शिमलाना में शुक्रवार को प्राचीन शिव मंदिर के महंत दीनानाथ व कुछ ग्रामीणों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। जब महंत दीनानाथ ने मंदिर के पूर्व महंत दर्शननाथ की समाधि पर तोडफोड करा दी। जिसका कुछ ग्रामीणों ने जमकर विरोध जताया। सूचना पर पुलिस ने मौके जाकर मामला शांत कराते हुए बताया कि महंत दीनानाथ पूर्व महंत दर्शननाथ की समाधि का सौंदर्यीकरण कराना चाह रहे थे। उन्होने पितृपक्ष के चलते नया निर्माण कार्य शुरू कराया था। जबकि ग्रामीणों का आरोप था कि महंत ग्रामीणों को बिना विश्वास में लिए तथा पितृपक्ष में नया निर्माण कार्य क्यो करा रहे है। थाना प्रभारी सुनील शर्मा का कहना है कि गलतफहमी के चलते महंत व ग्रामीणों में अविश्वास पैदा हो गया था। दोनों पक्षों में साथ बैठने के बाद गलतफहमी दूर हो गई है। बताया कि अगर पितृपक्ष में निर्माण कार्य शुरू कराया गया है तो इस कार्य का समापन भी पितृपक्ष में होना चाहिए।