सहारनपुर के छुटमलपुर में भारतीय किसान यूनियन ने टोल प्रबंधन द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमों के खिलाफ फतेहपुर थाने पर अपना अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए फतेहपुर थाने पहुंचे। जहां वे परिसर में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं की मांग है कि 20 किलोमीटर के दायरे के गांव को टोल फ्री किया जाए। भारतीय किसान यूनियन नेताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए। टोल प्रबंधक की गुंडागर्दी के खिलाफ मुकदमा लिखा जाए। कार्यकर्ताओं ने साफ ऐलान किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती उनका धरना जारी रहेगा।