सहारनपुर रेलवे स्टेशन के तीन अनारक्षित काउंटरों पर क्यू आर कोड से टिकट के भुगतान की सुविधा शुरू हो गई है। एक काउंटर को ऑनलाइन टिकट भुगतान के लिए रिजर्व किया है। अभी यह सुविधा अनारक्षित टिकट पर ही मिलेगी। इससे टिकट के लिए खुले पैसे का झंझट खत्म हो जाएगा। सहारनपुर रेलवे स्टेशन से करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित टिकट के लिए चार काउंटर बने हुए हैं, वहीं आरक्षण के दो काउंटर संचालित होते हैं। टिकट की राशि देते समय कई बार यात्रियों को ज्यादा पैसे देने पड़ जाते हैं या फिर इंतजार करना पड़ता है। ऐसी समस्याओं को दूर करने के लिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा शुरू की गई है, जिसके तहत तीन अनारक्षित काउंटरों पर क्यू आर कोड की स्क्रीन लगाई गई हैं, जिसके जरिये यात्री फोन-पे, गूगल-पे, पेटीएम से टिकट का भुगतान कर सकते हैं।