देवबंद में हिंदू-मुस्लिम समेत करीब 36 बिरादरियों में लोकप्रिय रहे चौधरी अब्बल हसन की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनसे संबंध रखने वाले हिंदू गुर्जर समुदाय ने गुरुवार को उनके घेर में रस्म पगड़ी का आयोजन किया। इस दौरान उनके बड़े बेटे चौधरी नूर हसन को पगड़ी भी पहनाई गई। मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में हुए कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा के विधायक चौधरी अर्जुन सिंह ने स्वर्गीय चौधरी अब्बल हसन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गुर्जर समाज में चौधरी अब्बल अलग ही स्थान रखते थे। उनके जाने से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी अब्बल हसन ने हमेशा समाज सेवा के कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। चौधरी वीरेंद्र गुर्जर ने उनकी रस्म पगड़ी कर हिंदू मुस्लिम भाईचारे की मिसाल पेश की ओर एक नया संदेश देने का काम किया है। चौधरी वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि चौधरी अब्बल को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दौरान गुर्जर समुदाय ने उनके बड़े बेटे चौधरी नूर हसन को पगड़ी पहनाई और उनके पुत्रों से चौधरी अब्बल के नक्शे कदम पर चलने का आह्वान किया। बता दें, कि चौधरी अब्बल हसन (80) 28 मई की सवेरे मंगलौर मार्ग पर टहलने के लिए गए थे। इस दौरान किसी वाहन ने उनको टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई थी। उनकी रस्म पगड़ी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।