चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव चलाकपुर में रविवार को एक शादी समारोह का आयोजन हुआ था। गांव दैदनौर थाना नकुड़ निवासी होमगार्ड संदीप (35) पुत्र ऋषिपाल अपनी पत्नी पायल के साथ शादी समारोह के बाद निकटवर्ती गांव मंडोरा निवासी रिश्तेदार रितिक के घर आ गया था। संदीप रितिक का फूफा लगता है। कुछ देर बाद रितिक का मामा थाना नानौता के गांव जंधेडी निवासी संजय भी वहां पर आ गया। संदीप तथा संजय आपस में रिश्तेदार भी हैं। दोनों ने गांव मंडोरा पहुंचकर शराब पी। इसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। थोड़ी देर में दोनों में लातों घूंसे चलने लगे। मारपीट में संदीप बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। सिर सड़क पर लगने से वह से घायल हो गया। रीतिक के परिजन घायल संदीप को डाक्टर के पास ले गए। अस्पताल में संदीप की मौत हो गई।