सहारनपुर बेहट थानाक्षेत्र में दिशा इंडिया माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस कंपनी के मोहल्ला महाजनान स्थित दफ्तर से चोरों ने लॉकर और सेफ के लॉक तोड़कर 4.90 लाख का कैश चोरी कर लिया। चोर छत के रास्ते सीढ़ियों का गेट तोड़कर नीचे आए और कमरे की खिड़की जाली तोड़कर दफ्तर में दाखिल हुए। उसके बाद चोरों ने लॉकर और सेफ ले लॉक तोड़कर कैश चोरी किया। सुबह करीब 8:30 जब कर्मचारी मोहित और राजकुमार ने दफ्तर खोला तो सामान बिखरा पड़ा हुआ था और लॉकर व सेफ खुली पड़ी थी, कैश गायब था। उन्होंने इसकी सूचना असिस्टेंट मैनेजर विनोद कुमार को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की, तो पता चला सीसीटीवी कैमरे बंद थे। फॉरेंसिक यूनिट की टीम ने भी घटना की जांच की है। कंपनी के दो कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। यह दोनों कर्मचारी देर रात तक दफ्तर में रुके थे और इन्होंने ही सीसीटीवी बंद किए थे।