उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के विज्ञापन जारी होने के बाद आयु सीमा को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस पर रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने भर्ती में आयु सीमा में विशेष छूट प्रदान करने की मांग की है। विधायक राहुल लोधी सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति के सदस्य भी हैं। उन्होंने अपने पत्र में प्रदेश के हजारों युवाओं की सामूहिक पीड़ा को व्यक्त किया है। लिखा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 31 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञापन,आरक्षी पीएसी एवं अन्य संवर्ग)-07/2025 में आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए पुरुषों हेतु 18-22 वर्ष तथा महिलाओं हेतु 18-25 वर्ष रखी गई है।पत्र में विधायक ने कहा कि कोविड-19 महामारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और समयबद्ध भर्तियों के अभाव के कारण कई योग्य एवं मेहनती युवा आयु सीमा से बाहर हो गए हैं। ये युवा वर्षों से अनुशासन और समर्पण के साथ पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन परिस्थितिवश उनके सपने अधर में लटक गए हैं। यदि आयु सीमा में एक बार विशेष एवं युक्तिसंगत छूट दी जाती है, तो यह उनके लिए अंतिम उम्मीद की किरण बन सकती है।