ग्रामीण क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं के रुझान को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं जिससे ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं उभर कर सामने आ सकें। इसी के चलते क्षेत्र की किलौली ग्राम पंचायत के अहमदपुर गांव में 15 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। हाल यह है कि स्टेडियम बदहाल हो गया है और खेल की कोई गतिविधि यहां पर नहीं होती हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में एक मिनी स्टेडियम का निर्माण गांव में कराया गया था। यह स्टेडियम छह एकड़ में बना है। अनदेखी का हाल यह है कि स्टेडियम बनने के बाद एक भी खेल प्रतियोगिता इसमें नहीं कराई गई। 22 दिसंबर 2021 को मिनी स्टेडियम का लोकार्पण राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया था। स्टेडियम में एक दर्शक दीर्घा व सामग्री कक्ष का निर्माण किया गया है। लापरवाही न अनदेखी से स्टेडियम जर्जर हो रहा है। मैदान की जमीन खराब हो गई है। यही कारण कि स्कूल स्तर पर ब्लॉक स्तरीय सरकारी खेलकूद प्रतियोगिताएं निजी या पंचायतों के मैदानों पर आयोजित कर ली जातीं हैं, लेकिन आयोजक मिनी स्टेडियम से दूर रहते हैं। मिनी स्टेडियम की देखरेख होती नहीं है तो गांव वालों ने मैदान के किनारे कब्जा करना भी शुरू कर दिया है। यही नहीं स्टेडियम की देखरेख करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। इसे बना दिया गया है लेकिन साथ ही लावारिश भी छोड़ा गया है। इस कारण लाखों रुपये का स्टेडियम किसी काम का नहीं है और खिलाड़ियों को अन्य जगह पर जाकर प्रैक्टिस करनी पड़ रही है।