महराजगंज (रायबरेली)। चंदापुर थाना क्षेत्र के गांव पूरे तालेवंत सिंह, ज्योना निवासी दीपक पुत्र राम केवल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के रास्ते पर पड़ा मिला। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास से करीब छह मीटर की दूरी पर दो देशी शराब की बोतल, दो गिलास और पानी के पाउच बरामद किए गए। दीपक के दाहिने पैर और दाहिने हाथ में फैक्चर पाया गया, जबकि सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पास के गांव गुरुदत्त सिंह के पुरवा में रामदेव पाल के यहां बरात आई थी। उसी बरात में दीपक शराब के नशे में डीजे के सामने लाठी लेकर हंगामा कर रहा था। परिवार के लोगों ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन पत्नी एक महीने बाद ही उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह ज्यादातर समय घर से बाहर ही रहता था। उसके खिलाफ पहले से पांच मुकदमे भी दर्ज थे। मृतक के बड़े भाई संतोष ने तहरीर में पुलिस को बताया कि दीपक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी होगी, जिससे उसका पैर टूटा और उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना की जांच पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होगा।