रायबरेली के लालगंज कस्बे के वीरा पासी चौक पर रविवार को मैजिक चालकों ने सीएनजी संचालित थ्रीव्हीलर के ड्राइवरों की मनमानी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। मैजिक चालकों का कहना है कि रायबरेली रूट पर चलने वाले सीएनजी ऑटो चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जिससे न केवल सवारियों को परेशानी रही हैं, बल्कि अन्य डग्गामार वाहन चलाने वालों को सवारियां नहीं मिलने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन कर रहे चालक महेंद्र सिंह, आयुष, संजय सिंह, अभय, सर्वेश यादव, आजम खान, सुरेंद्र, नीरज गुप्ता और मोहम्मद खुर्शीद का कहना है कि गैस से चलने वाले वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर ले जाते हैं। ओवर लोडिंग के कारण हाल ही में हुई कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें कई लोगों की जान चली गई। मैजिक चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि सीएनजी थ्रीव्हीलर को 16 किलोमीटर की परिधि में चलाने की अनुमति है, लेकिन वे दूरदराज रूटों पर भी धड़ल्ले से सवारी भरकर दौड़ रहे हैं। रायबरेली रूट पर फतेहपुर, डलमऊ और गुरुबक्शगंज की तरफ चलने वाले थ्री व्हीलर आकर सवारियां भर ले जा रहे हैं। बताया कि चालकों को मैजिक वाहन परमिट, बीमा, टोल टैक्स और स्टैंड शुल्क पर हर साल हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त कमाई नहीं हो पा रही है। कहा कि सीएनजी चालकों को कम टैक्स देना होता है जिससे उनपर अधिक आर्थिक दबाव भी नहीं है। प्रदर्शनकारी चालकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नियम बनाकर रायबरेली रूट पर सीएनजी थ्रीव्हीलर की आवाजाही पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि मैजिक चालकों को राहत मिले और उनकी आजीविका सुरक्षित हो। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह का कहना है कि चालकों के प्रदर्शन की जानकारी नहीं है। शिकायत मिली तो जांच की जाएगी।