रायबरेली के रेलवे स्टेशन परिसर में सड़कों का नवीनीकरण किया जाना है। डामरीकृत सड़कों की जगह आरसीसी रोड बनवाई जाएगी। इसके लिए अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में काम शुरू हुआ और एक हिस्से की सड़क उधेड़ कर आसपास मलबा ढेर लगा दिया। काम की रफ्तार धीमी होने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। स्टेशन परिसर में जाने और बाहर निकलने के दौरान काफी समस्या हो रही है। खासकर बाहर की तरफ उतरने वाली पैदल पुल की सीढि़यों से आने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी होती है। रेलवे स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए तीन गेट बने हैं। मुख्य मार्ग से इन्हीं गेट के जरिए यात्रियों का आवागमन होता है। मुख्य भवन होते हुए प्लेटफार्म तक जाने के लिए परिसर में डामरीकृत सड़कें बनी हैं। इन्हीं सड़कों का नवीनीकरण कराया जाना है। सभी सड़कों को डामर के बजाए आरसीसी से बनाया जाएगा। इसके लिए पहले चरण में यूनियन भवन और मंदिर के बीच वाली सड़क पर काम शुरू कराया गया। इसी सड़क से होकर बाहर की तरफ निकलने वाली पैदल पुल का रास्ता भी है, जिससे यात्रियों का आवागमन अधिक रहता है। सड़क का डामर उखाड़ने के बाद पास में ही मलबे का ढेर लगा दिया गया है, वहीं सड़क की खोदाई का मलबा आसपास फैला है।