गूगल मैपिंग का इस्तेमाल अब मंदिरों के घंटे चोरी करने में शातिर करने लगे हैं। ऐसे ही एक गैंग के बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ रविवार रात को हुई। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। वहीं पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सात बदमाशों को गिरफ्तार किया। घायल आरोपी की इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है। बदमाशों की निशानदेही पर 13 किलो के पीतल के घंटे बरामद किए गए हैं। साथ ही एक कार, संडासी, सात हजार रुपये व अवैध असलहा भी बरामद हुए हैं। रविवार रात एसओजी व सर्विलांस टीम के साथ जगतपुर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। जगतपुर में शारदा नहर के पास पुलिस टीम ने तेज रफ्तार में आ रही कार को रोकने का प्रयास किया तो कार चालक ने वाहन को नहीं रोका। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मध्य प्रदेश के भिंड जिला के फूफ थाना क्षेत्र के बड़पुरवा निवासी गोविंद सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने कार को घेर लिया और उसमें सवार मध्य प्रदेश के उदितपुरा निवासी मोनू भदौरिया, जिला इटावा के उर्दू निवासी आबिद, गोसाईखेड़ा सरेनी निवासी आनंद कुमार, ऊंचाहार के मान्धातापुर नेवादा निवासी बब्बू सिंह उर्फ शिव बक्श को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद इनकी निशानदेही पर ऊंचाहार के बरगदहा सड़क पर मंदिर के पास पुलिस टीम ने कॉबिंग करते हुए गिरोह के दो अन्य सदस्य जनपद औरेया के सिद्धेश्वर निवासी सुनील कुमार पोरवाल व कानपुर देहात जिले के सूर्यानगर घाटमपुर निवासी सुमन को भी गिरफ्तार कर लिया। रेकी करने के बाद गूगल मैपिंग से करते थे चोरी गैंग के सदस्यों से पूछताछ की गई तो चोरी का नया तरीका सामने आया। आरोपियों ने बताया कि वह पहले मंदिर के आसपास क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके लिए गूगल मैपिंग से सर्च करते थे। उसके बाद मंदिरों को निशाना बनाया जाता था। घटना करने के दौरान कार रखते थे और साथ ही शक न हो तो आरोपी सुमन को सामने की सीट में बैठाते थे। रात में मंदिरों में घंटा चोरी किए जाते थे और सुबह उन्हें औरैया जिले के ठठेरी बाजार में बेच दिया जाता था। दो जनवरी को चंद्रिका देवी और छह जनवरी को जगतपुर में की थी चोरी पुलिस पूछताछ में यह भी बात सामने आई है कि आरोपियों ने बेहद शातिराना ढंग से उन्नाव के प्रसिद्ध शक्तिपीठ बक्सर चंद्रिका देवी मंदिर में दो जनवरी की रात को दानपात्र व जेवर की चोरी की थी। इस संबंध में उन्नाव के बारासगवर थाना में एफआईआर दर्ज है। इसी तरह छह जनवरी की रात को जगतपुर स्थित दुर्गा माता मंदिर से पीतल के घंटे चोरी किए गए थे। रविवार को सभी आरोपी घंटों के बेचने के लिए जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मोनू, आबिद व बब्बू सिंह हैं हिस्ट्रीशीटर एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि यह गैंग चोरी की योजना में गूगल मैपिंग का उपयोग करता था। पकड़ा गए आरोपी मोनू पर कानपुर में तीन, कानपुर देहात में 12 व रायबरेली में तीन मुकदमे दर्ज हैं। आबिद पर कुशीनगर व इटावा में एक-एक और रायबरेली में तीन मुकदमे दर्ज हैं। आबिद पर कुशीनगर में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी बब्बू सिंह पर रायबरेली के ऊंचाहार और जगतपुर में पांच मुकदमे दर्ज हैं।