घुरवारा (रायबरेली)। पूरे सिकरवारन मजरे रायपुर टप्पा हवेली गांव में बेला भेला नरेंद्रपुर बाई माइनर के बार-बार कटने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। करीब डेढ़ माह से माइनर कई बार कट चुकी है, जिससे गांव के चारों तरफ पानी भर गया है। जलभराव के कारण ग्रामीणों के घरों और पशुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रामनरेश की दीवार और चरही पानी भरने से गिर गई, जबकि शिवशंकर और लालबहादुर का छप्पर भी धराशायी हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि माइनर कटने के कारण सेमौरी, पूरे लोधन और आम्बा गांव में भी पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं पहुंच पा रही है। ग्राम प्रधान गुलाब सिंह ने बताया कि बेला भेला नरेंद्रपुर बाई माइनर बार-बार कट जाती है। एक बार विभाग की ओर से जेसीबी लगाकर इसकी मरम्मत कराई गई थी, लेकिन पानी के अधिक दबाव के चलते माइनर दोबारा कट गई। गांव के चारों तरफ पानी भरा होने से ग्रामीणों के साथ पशुओं को भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीण मोतीलाल, बैजनाथ, अशोक, पवन, महेश, रामसजीवन और अनिल आदि ने बताया कि करीब डेढ़ माह से माइनर बार-बार कट रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण माइनर टूट जाती है। कई बार ग्रामीण स्वयं कटान को रोकने और माइनर को ठीक करने का प्रयास करते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से कट जाती है। लंबे समय से पानी भरा होने के कारण पशुओं को भी पानी में खड़ा रहना पड़ रहा है। अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि माइनर में क्षमता के अनुसार ही पानी छोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि जानवरों के बार-बार आने-जाने के कारण माइनर कट जाती है। कटी हुई माइनर को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।