लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के छोटा गेगासों गांव में रविवार को एक युवती ने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासिनी रचना निषाद (25) पुत्री हीरालाल घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में चुन्नी के सहारे फंदे से लटकी मिली। घटना के समय उसकी मां शिवप्यारी नीचे खाना बना रही थीं। काफी देर तक बेटी के बाहर न आने पर वह उसे बुलाने कमरे में पहुंचीं। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से युवती को नीचे उतारा गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां ने बताया कि रचना काफी समय से बीमार रहती थी। उसके पिता हीरालाल और भाई विपिन दिल्ली में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सीएचसी के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. गौरव पांडेय ने बताया कि युवती को अस्पताल लाया गया था लेकिन जांच में उसकी मौत की पुष्टि हुई। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।