ऊंचाहार में करंट की चपेट में आने से झुलसे संविदा लाइनमैन के परिजन व ग्रामीण ऊंचाहार उपकेंद्र पहुंचे । ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही के चलते घटना होने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और उनका इलाज कराने व 60 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन उसका इलाज कराने या मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। हटवा गांव निवासी लाइनमैन सूरजभान (26) शनिवार की शाम दिलमनपुर नाला पुल के पास पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहे थे। तभी वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। उनके कमरे में चोट आई है वह उठने में असमर्थ है। उनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा था लेकिन घर वाले रात में उन्हें लेकर घर लौट आए। मंगलवार की सुबह लाइनमैन को चारपाई पर लिटाकर उपकेंद्र पहुंचे। उनके पिता रामफेर ने बताया कि बिना शट-डाउन बेटे को खंभे चढ़ाया। इससे वह झुलस गया। अब इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। उसका इलाज कराया जाए और परिवार के भरण पोषण के लिए 60 लाख रुपए देने की मांग की है। फिलहाल नाराज परिजन व ग्रामीण उपकेंद्र पर ही डटे हुए हैं।