यूपी के रायबरेली में हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रघुवीरगंज बाजार निवासी मो. शहीद को केंद्रीय माल एवं सेवा कर विभाग से एक करोड़ 25 हजार 297 रुपये का जीएसटी नोटिस मिला है। मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार चलाने वाले इस कुम्हार के परिवार में नोटिस मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मो. शहीद ने इसे अपने पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर की गई धोखाधड़ी बताया है। केंद्रीय माल एवं सेवा कर व केंद्रीय उत्पाद शुल्क, वैशाली प्रभा मंडल हाजीपुर से यह नोटिस जारी हुआ है। मो. शहीद पुश्तैनी तौर पर कुल्हड़, मिट्टी के बर्तन और खिलौने बनाकर परिवार चलाते हैं। निरक्षर होने के कारण उन्हें नोटिस समझने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने खुद को साजिश और धोखाधड़ी का शिकार बताया है। उनका आरोप है कि उनके पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर एक फर्जी फर्म बनाई गई है। उन्होंने किसी भी साझेदारी या बड़े कारोबार से साफ इन्कार किया है। प्रशासन से उन्होंने मामले की जांच और न्याय की मांग की है।