रायबरेली शहर के रतापुर स्थित फिरोज गांधी पॉलिटेक्निक में सोमवार को सुबह छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। पॉलिटेक्निक गेट के सामने सड़क पर जुटे विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे की खबर पर पुलिस पहुंची और छात्रों को शांत करने के प्रयास किया। कॉलेज प्रशासन ने भी समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ। शिकायती पत्र लेकर आश्वासन दिया गया कि उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि दो दिन पहले आए परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। ज्यादातर परीक्षार्थियों के रिजल्ट खराब आया है। परीक्षा देने के बाद भी कई बच्चे अनुपस्थित दिखा दिए गए तो काफी बच्चे फेल हो गए है। कापियां गलत चेक हुई है। जानबूझ कर ऐसा किया गया है, ताकि बैक पेपर के नाम पर फीस वसूली जा सके। इन नतीजों से भविष्य अंधकारमय हो गया है। प्रदर्शन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी शामिल रहा। उधर, प्रभारी प्रधानाचार्य विनोद कुमार का कहना है कि रिजल्ट खराब होने की शिकायत को लेकर बच्चों ने प्रदर्शन किया है। शिकायती पत्र मांगा गया है। इस बारे में वह अपने स्तर पर समस्या के निस्तारण का पूरा प्रयास करेंगे। अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो उसे दूर कराया जाएगा।