रायबरेली के लालगंज कस्बा में बाईपास में शुक्रवार को दोनों छोरों पर बड़े पत्थर रखकर आवागमन पूरी तरह से ठप कर दिया गया। इसके बाद शनिवार को खराब हो चुकी सड़क को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया। इस अप्रत्याशित कदम से स्थानीय व्यापारी और आम जनता खासी परेशान है। व्यापार मंडल ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से इस मामले की शिकायत करने की बात कही है, ताकि सड़क निर्माण में बरती गई अनियमितताओं की जांच हो सके। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। इसी कारण कुछ ही समय में सड़क की हालत इतनी खराब हो गई कि उसे तोड़ना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार हुआ है और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। उनकी मांग है कि सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। व्यापारियों ने यह भी कहा कि जब तक सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक वे इस मामले को उठाना जारी रखेंगे।