रायबरेली के लालगंज में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को इंडेन और एचपी गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइनें लगी रहीं। सुबह से ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। अधिकतर लोग केवाईसी को लेकर परेशान दिखे। कई उपभोक्ताओं को कर्मचारियों ने सर्वर न होने की बात कहकर लौटा दिया। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। सातनपुर गांव की निर्मला ने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से परेशान हैं। गैस बुक कराने के बाद ओटीपी नहीं आया। जानकारी करने पर पता चला कि केवाईसी नहीं है। वह तीन दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन काम नहीं हो पा रहा। सुहाईबाग के रामनरेश सुबह 9 बजे से लाइन में लगे थे। 11:30 बजे तक उनका नंबर नहीं आया। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले भी लाइन में लगे थे लेकिन बिना काम के वापस लौटना पड़ा। सूदन खेड़ा के एक बुजुर्ग राम सनेही वर्मा ने बताया कि उन्होंने गैस सिलेंडर बुक किया था। मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी आ गया। इसके बावजूद सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी पहुंचने पर उन्हें बाद में देने की बात कही गई।लगातार हो रही इस समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। लोगों का कहना है कि व्यवस्था में सुधार की जरूरत है ताकि उन्हें बार बार एजेंसियों के चक्कर न लगाना पड़े।