यूपी के रायबरेली में सोमवार की शाम लालगंज में रायबरेली रोड स्थित एहार गांव के निकट निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। दो श्रमिक बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। गंगा एक्सप्रेसवे में बाउंड्रीवॉल के निर्माण कार्य में लगे बिहार प्रांत के जीवासपुर, छातापुर, जिला सिफौल निवासी शंभू मेहता (35) पुत्र रामेश्वर मेहता, भपटीयारी निवासी देबू, गौरी पट्टी निवासी राजदेव मेहता काम खत्म होने के बाद शाम को ट्रैक्टर ट्रॉली से लौट रहे थे। ऐहार गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ने से पलट गई। इससे इंजन के हिस्से के नीचे शंभू मेहता दब गए। किसी तरह उनको बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य, लालगंज लाया गया। वहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के साढ़ू राजदेव मेहता ने बताया कि शंभू की पत्नी रेखा व तीन बेटे अंशु, आनंद और बउआ गांव में रहते हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।