रायबरेली में शनिवार की सुबह विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर मोहल्ले की है। यहां की रहने वाली गुड़िया (38) का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। भाई का आरोप है कि बहनोई ने उनकी बहन की हत्या की है। मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कृष्णा नगर मोहल्ला निवासी राकेश यादव मजदूरी करते हैं। राकेश के मुताबिक, शुक्रवार को रात में घर के सब लोग खाना खाने के बाद सो गए। सुबह नींद खुली तो देखा कि पत्नी गुड़िया का शव घर के अंदर आंगन में जाल से धोती के सहारे लटक रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना के समय बेटा आदित्य ननिहाल में था, जबकि बेटी आंशी पड़ोस में रिश्तेदारी में गई थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर आकर घटना की जांच की। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। डलमऊ क्षेत्र के जहांगीराबाद निवासी गंगासेवक ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा कि बहनोई उनकी बहन के साथ आए दिन शराब के शने में मारपीट करता था। शुक्रवार को भी आरोपी ने उसकी बहन को मारापीटा था। बहन ने फोन करके घटना की जानकारी दी थी। सुबह बहन की मौत की सूचना पर ससुराल आया। उनकी बहन की हत्या की गई है। मामले में कार्रवाई हो। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।