रायबरेली में सलोन कोतवाली डयूटी जा रहे होमगार्ड की कार को एसयूवी सवार हमलावरों ने ओवरटेक किया और फिर सामने से असलहे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली होमगार्ड के सिर के पास से गुजरी और वह लहूलुहान हो गए। इस दौरान खेत पर बैठे दो युवक मदद के लिए दौड़े तो उन पर भी हमलावरों ने फायर कर दिया। इससे वह दोनों भी घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से तीनों को एम्स रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी रवि कुमार ने मौके पर जाकर पड़ताल की। इटारा जगतपुर निवासी होमगार्ड शिव प्रताप सिंह (40) शंकर सिंह शुक्रवार शाम को अपनी कार से सलोन कोतवाली डयूटी करने जा रहे थे। ग्राम पिछवारा सूची मार्ग पर पूरेराय मजरे पारी गांव के पास उनकी कार को एसयूवी ने ओवरटेक किया। उसमें बैठे हमलावरों ने होमगार्ड की कार को रोक लिया। जब तक शिव प्रताप सिंह कुछ समझ पाते, हमलावरों ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। दो गोली शिव प्रताप सिंह के सिर के नजदीक से गुजरी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज और शोर सुनकर खेत पर बैठे प्रफुल्ल सिंह (42) पुत्र सुधीर सिंह निवासी मनिरामपुर ऊंचाहार व अनुज सिंह (40) पुत्र रामतेज सिंह निवासी पुरे राय मजरे पारी बाइक से घटनास्थल पर रुके और हमलावरों से भिड़ गए। इस पर हमलावरों ने इन दोनों पर फायरिंग की। प्रफुल्ल सिंह के हाथ से गोली छूती होती निकल गई। इसके बाद हमलावरों ने दोनों को जमकर पीटा और भाग गए। इस दौरान आसपास के गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची जगतपुर पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी मौके पर आए और पड़ताल की। उन्होंने बताया कि शराब के ठेके को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में घायल प्रफुल्ल सिंह ने बताया कि पिस्तौल से फायरिंग की गई। वह खेत में साथी के बैठे थे। फायरिंग की आवाज सुनकर वह मदद के लिए दौड़े तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और फायरिंग करने के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी बाइक को भी तोड़ दिया गया।