यूपी के रायबरेली में शिवगढ़ कस्बा के श्री बरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज मैदान में 69वीं राज्य हॉकी प्रतियोगिता चल रही है। शुक्रवार को दूसरे दिन चार क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। रोमांचक मुकाबलों के बाद गोंडा, शिवगढ़, बनारस व लखनऊ की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहला क्वार्टर फाइनल कैंट स्टार बनारस व मन्ना इलेवन गोंडा के बीच खेला गया। इस मैच में गोंडा की टीम ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की। 47 वें मिनट में कुनाल, 49 वें मिनट में दिव्यांशु शर्मा और 54 वें मिनट में दोबारा कुनाल ने गोल कर टीम को जीत दिलाई। दूसरा मुकाबला शिवगढ़ और डीएचए सुल्तानपुर के बीच हुआ, जिसमें शिवगढ़ ने शूटआउट में 2-0 से जीत हासिल की। अंकित और शौर्यजीत ने एक-एक गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तीसरे मैच में श्री बरखंडी विद्यापीठ की टीम का सामना बनारस इंडिपेंडेंट टीम से हुआ, जिसमें बनारस ने 2-0 से मैच को अपने नाम कर लिया। 30 वें मिनट में विष्णु राजभर और 56 वें मिनट में अंशू शर्मा ने गोल कर टीम को जीत दिलाई। चौथा क्वार्टर फाइनल गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और बलरामपुर के बीच खेला गया। इसमें लखनऊ की टीम ने 4-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। कृष्णा ने 6 वें, रेयान खान ने 17वें और 47 वें मिनट में 2 गोल किए, 47 वें मिनट में विवेक पाल ने एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। प्रधानाचार्य राजकुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान टेक्निकल ऑफिसर प्रिंस मौर्य, कवि यादव, रफीक अहमद, सचिव शैलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण, भूपेंद्र कुमार, अभिषेक मिश्र, अभयराज सरोज व सुनील कुमार शुक्ल मौजूद रहे।