रायबरेली में लालगंज क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद आए तेज आंधी तूफान ने पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह तहस नहस कर दिया। उपखंड क्षेत्र में 585 बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। वहीं 52 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर आ गिरे। इससे करीब 46 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। नगर सहित क्षेत्र में रात भर अंधेरा पसरा रहा। बिजली संकट के चलते लोगों के सामने पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई है। घरों में मोटर नहीं चल पा रही हैं। मोबाइल चार्ज न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब हैं। सबसे अधिक नुकसान मानपुर गहिरी फीडर में हुआ। यहां करीब 150 खंभे गिर गए और एक दर्जन ट्रांसफार्मर टूट गए। बेलहनी फीडर में 60 खंभे और आठ ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। रानीपुर फीडर में 60 खंभे और पांच ट्रांसफार्मर टूट गए। बेटाकलां फीडर में 80 खंभे गिर गए जबकि कई ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरे। मधुकरपुर फीडर में भी 40 से अधिक खंभे टूट गए। कई जगह इंसुलेटर पंचर हो गए हैं। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि उपखंड में केवल 12 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें नौ लाइनमैन और तीन एसएसओ शामिल हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण मरम्मत कार्य तेजी से नहीं हो पा रहा है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में अभी 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। तूफान के बाद बिजली विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। जगह जगह गिरे खंभों और तारों को हटाने का काम चल रहा है। तेज आंधी और बिजली के खंभे गिरने से इंटरनेट सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हो गई। कई जगह ब्रॉडबैंड के तार भी टूट गए। इससे सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों का कामकाज प्रभावित है। पूरे दिन ऑनलाइन सेवाएं बाधित रहीं। अलग अलग कंपनियों के कर्मचारी इंटरनेट सेवा बहाल करने में जुटे हुए हैं।