वसंत पंचमी पर सोमवार को डलमऊ, ऊंचाहार और सरेनी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। मां गंगे की पूजा अर्चना कर अपने परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। ऊंचाहार के गोकनाघाट पर ऊंचाहार, जगतपुर दीनशाहगौरा, रोहनिया, सलोन, राही, डीह, छतोह सहित अमेठी व प्रतापगढ़ जिले के लोग बाइकों, कार व बस के सहारे घाट पर पहुंचे। भोर से स्नान शुरू हो गया। भक्त हर हर गंगे के जयघोष के साथ स्नान करते रहे। घाट पर मंदिरों में पूजा अर्चना की। धूप दीप नैवेद्य चढ़ाया और अपने परिजनों की कुशलता का आशीर्वाद मांगा। घाट पर लगे मेले में महिलाओं ने श्रृंगार के सामानों की खरीददारी की। सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने दो स्टीमरों व नावों पर सिपाही तैनात रहे। गहरे जल में स्नान करने पर पाबंदी थी। मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के समिति के सचिव जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने स्नान दान किया है। सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे।